चंदौली। जिले के सभी गांवों में पंचायत सहायकों की भर्ती होनी है। पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटर निर्धारित किया गया है। 17 अगस्त तक कुल 8547 आवेदकों ने ग्रामसभा, ब्लाक मुख्यालय और डीपीआरओ कार्यालय के माध्यम से फार्म जमा कराया है। अब हाइस्कूल और इंटर में प्राप्त अंकों के मेरिट के आधार पर पंचायत सहायकों का चयन किया जाएगा।
पंचायत सहायकों की नियुक्ति का उदेश्य गांव के लोगों को स्थानीय स्तर पर जरुरी सुविधाओं को उपलब्ध कराने का है। जिले के सभी गांवों के पंचायत भवन या मिनी सचिवालय में सीएसी सेंटर संचालित करके लोगों को आसानी से जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज आसानी से उपलब्ध कराना है। शासन के निर्देश पर जिले के सभी 734 ग्राम पंचायतों में एक-एक पंचायत सहायक कम डाटा आपरेटर की नियुक्ति प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। विगत 17 अगस्त तक आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख निर्धारित थी। ऐसे में 8547 आवेदकों ने ग्राम पंचायत, ब्लाक मुख्याल और जिला स्तर पर डीपीआरओ कार्यालय में आवेदन किया। अब उनके चयन के लिए जल्द ही समिति के द्वारा आगे की प्रक्रिया शुरु की जाएगी।