जिलाधिकारी का गोद लिया गांव हरिहरपुर पूर्ण रूप से कुपोषणमुक्त हो गया है। इसके पूर्व ग्राम प्रधान और सचिव के प्रयास से गांव को ओडीएफ कर लिया गया था। सोमवार को जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने गोद लिए गांव का दौरा किया। डीएम की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म और छह माह तक के बच्चों को पोषाहार प्रदान किया। डीएम ने सभी को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए।
डीएम ने गांव को कुपोषणमुक्त करने के लिए ग्राम पंचायत और बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पंचायत सचिव मनोज सिंह और ग्राम प्रधान अमित सिंह के प्रयासों की भी सराहना की जिनके प्रयास से गांव ओडीएफ हो गया है। इसके पूर्व गांव की लगभग आधा दर्जन महिलाओं की विधि विधान से गोद भराई की रस्म पूरी की गई। वहीं छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन किया गया। अंत में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में आयरन की गोली सहित अन्य दवाएं व किशोरियों को सेनेट्री नैपकीन वितरित किया गया। इस मौके पर डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीलम मेहता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीएन सिंह, बीडीओ गुलाबचंद, सीडीपीओ सदर शैलेंद्र राय, एडीओ पंचायत उपेंद्र तिवारी, सचिव मनोज सिंह, ग्राम प्रधान अमित सिंह, सीएचसी अधीक्षक डा. आरबी शरण, पूर्ति निरीक्षक अमित दूबे, केके मिश्रा मौजूद रहे।