दुलहीपुर। पड़ाव से गोधना बाईपास तक सिक्सलेन सड़क का काम बहुत तेजी से चल रहा है। इस बीच बुधवार को हरिशंकरपुर मोड़ पर बिजली के खंभे सड़क उस पार से इस पार शिफ्ट किए जाने के कारण चंदासी उपकेंद्र से जुड़े एक से लेकर छह व चंदासी फीडर से तीन घंटे तक बिजली कटौती की गई। इसके चलते उपकेंद्र से जुड़े करीब 35 हजार उपभोक्ताओं को समस्या का सामना करना पड़ा।
पड़ाव से गोधना बाईपास तक 328.28 करोड़ रुपये की लागत लगभग 15 किमी सिक्सलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। विद्युत निगम के मार्ग पर जगह-जगह लगे बिजली के खंभे निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। कार्यदायी संस्था की तरफ से बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजकर 20 मिनट तक बिजली के खंभे शिफ्ट करने का काम किया गया। मरम्मत व खंभे शिफ्ट करने के लिए शटडाउन लिए जाने के कारण 33/11 केवी चंदासी उपकेंद्र के सात फीडरों से जुड़े करीब 35 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पीडीडीयू नगर, भीसौड़ी, मलोखर, महाबलपुर, मुहम्दपुर, शकूराबाद, चंधासी कोयला मंडी, भोगवारे हॉस्पिटल, कैलाशपुरी, सुभाष नगर, रविनगर, पटेल नगर, गल्लामंडी, हरिशंकरपुर, हिलौनी, सिध्दार्थपुरम कालोनी, वृंदावन कालोनी, धरना, सतपोखरी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के कई गांवों और बस्तियों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। विद्युत निगम के जेई सुधीर कुमार पटेल 12 कर्मचारियों के साथ हरिशंकरपुर मोड़ पर लगे बिजली के खंभे सड़क के उस पार से इस पार शिफ्ट कराने में जुट रहे। इस दौरान बिजली के तार भी खींचे गए। युद्ध स्तर पर कार्य करके दोपहर 1:15 बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई। उपखंड अधिकारी मनोज कुमार कश्यप ने बताया कि चंदासी उपकेंद्र के 7 फीडरों से शटडाउन लेकर आपूर्ति बंद की गई थी। इस दौरान सिक्सलेन पर बिजली के तार शिफ्ट करने आदि संबंधी काम किए गए। दोपहर 1:15 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।