नौगढ़। जयमोहनी रेंज के भरदुआ गांव में वन विभाग की भूमि पर कब्जा करने के आरोप में बुधवार को 25 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को गांव के कुछ लोगों ने वन भूमि पर जबरन निर्माण कार्य एवं खेती शुरू करने का प्रयास किया। वन विभाग ने समय रहते यह प्रयास विफल कर दिया था।
वन रेंजर मकसूद हुसैन ने आरोप लगाया कि रामदेव, शिवकुमार, माधव, विनोद, अशोक, बलिराम सहित कुल 25 लोगों ने वन भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को रोका गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने वन कर्मियों के साथ गाली-गलौच की और लाठी-डंडों से डराने-धमकाने का भी प्रयास किया। उन्होंने बताया कि वन विभाग की तरफ से नौगढ़ थाने में तहरीर दी गई। जिसके आधार पर थानाध्यक्ष रमेश यादव ने 25 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। वन रेंजर मकसूद हुसैन ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वन भूमि पर अतिक्रमण गंभीर अपराध है। विभाग ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।