आनंद विहार से हटिया जा रही स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रही महिला यात्री के पर्स से 33 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। महिला यात्री ने सहयात्री पर चोरी का आरोप लगाकर हो हल्ला कर दिया। ट्रेन के स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर कार्रवाई न होने से नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दिया। बाद में जीआरपी ने सहयात्री के बैग की तलाशी ली लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। इसके बाद बाद यात्री शांत हुए और ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
पीडीडीयू नगर निवासी अंतिमा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आनंद विहार से पीडीडीयू नगर की यात्रा पर थी। अंतिमा के अनुसार प्रयागराज में उसकी नजर बैग पर गई तो उसमें से 33 हजार रुपये नकद गायब थे। परिजनों ने इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 पर दी। कंट्रोल की सूचना पर स्थानीय जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन सुबह आठ बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। आरोप है कि जीआरपी और आरपीएफ कार्रवाई करने में आनाकानी करने लगे। इस बीच अंतिमा सिंह के परिवार के सदस्य भी स्टेशन पर पहुंच गए। वहीं ट्रेन खुल गई। यह देख अंतिमा सहित अन्य यात्री आक्रोशित हो गए परिजन जल्दी से ट्रेन में सवार हुए और चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दिया। इसके बाद जीआरपी ने सहयात्री के बैग की तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद अंतिमा और परिजन शांत हुए और ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस संबंध में जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला यात्री ने सहयात्री पर चोरी का आरोप लगाया था। इस पर जांच पड़ताल की गई। इसमें कुछ मिला नहीं।