विकासखंड के 24 ग्राम पंचायतों के 1069 लाभार्थियों का शौचालय निर्माण की दूसरी किश्त रूक गई है। जिससे शौचालय का निर्माण अधर में लटका हुआ है। दरअसल शौचालय की पहली किश्त छह हजार रुपये मिलने के बाद भी लोगों ने शौचालय का बेस नहीं तैयार किया जिससे जिओ टैगिंग नहीं हो सकी और इसकी वजह से दूसरी किश्त उनके खाते में नहीं पहुंच पाई।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण कार्यक्रम के द्वितीय चरण में विकास खंड नौगढ़ में 1069 लाभार्थियों के खाते में शौचालय बनाने के लिए पहली किस्त भेजी गई थी। इसके बाद भी अधिकांश ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण चालू नहीं हो पाया। इससे जियो टैगिंग का काम भी लटका हुआ है। जिसके कारण दूसरी किस्त नहीं भेजी गई है। नौगढ़ क्षेत्र के 24 पंचायतों में 1069 परिवारों में घरेलू शौचालय बनवाने के लिए दो माह पहले पहली किस्त छह हजार रुपये खाते में भेजी गई है। अभी तक लाभार्थियों ने काम शुरू नहीं किया है। शौचालय निर्माण चालू होने के बाद जियो टैगिंग की जानी है। निर्माण कार्य शुरू न होने की वजह से दूसरी किश्त का भुगतान रोक दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ब्रह्मचारी दुबे ने पंचायत सचिवों को कहा है कि जिन लाभार्थियों के खाते में पैसा पहुंच गया है। उनके यहां काम शुरू करा कर हफ्ते भर में जियो टैग कराया जाए। जिससे दूसरी किस्त भेजी जा सके।