भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूपी और पूर्वांचल के विकास के बिना देश का विकास नहीं हो सकता। केंद्र सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए तमाम योजनाओं पर काम कर रही है। 2019 का चुनाव बीजेपी विकास के सहारे जीतेगी। यूपी की जनता भाजपा के साथ है। कहा, सपा-बसपा और कांग्रेस तीनों मिलकर भी मैदान में आ जाएं, तब भी वे भाजपा की जीत का गणित नहीं बिगाड़ पाएंगे। भाजपा अबकी बार 73 नहीं 74 सीटें जीतेगी। भाजपा अध्यक्ष ने सपा, बसपा और कांग्रेस को जनता के बीच अपने जनाधार को कभी भी आजमाने की चेतावनी देते हुए कहा कि 2019 में यूपी से दिल्ली का रास्ता जाएगा। शाह ने कहा कि मोदी सरकार यूपी के विकास के लिए समर्पित है। शाह ने कहा कि बुआ-भतीजे को जब भी मैं सुनता हूं। उनकी जलन देखी नहीं जाती। लगता है हम गए और ये आ गए। अरे भैया जनता ने मौका आपको भी 15 साल दिया था लेकिन करप्शन, गुंडा माफिया दिखता था लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार में यूपी से माफिया भागा हुआ नजर आता है जिस राज्य में कानून व्यवस्था ठीक होगी वहां विकास हो सकता है। और इसी विकास से हम अगला लोकसभा चुनाव फतह करेंगे।
यूपी को मोदी सरकार ने कांग्रेस से ज्यादा धन दिया
शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश के विकास के लिए बोलती है। मैं राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं कि 10 साल तक आपकी सरकार चली। एसपी-बीएसपी के समर्थन से चली, कितना पैसा दिया उत्तर प्रदेश को। तीन लाख तीस हजार करोड़ रुपये इन्होंने यूपी को दिया था। मोदी सरकार आई, यूपी में योगी सरकार आई। केंद्र ने यूपी को आठ लाख आठ हजार करोड़ रुपये दिए। चार लाख 77 हजार करोड़ ज्यादा रुपये दिए। डिफेंस कोरिडोर दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनने के बाद सीधे लखनऊ से काशी पहुंचना या दिल्ली से आगरा होकर काशी पहुंचना हो, पलभर में आपकी गाड़ी गाजीपुर होकर काशी पहुंचेगी।