पीडीडीयू नगर (चंदौली)। बाकले मैदान में आयोजित समारोह में रविवार को उस समय हड़कंप की स्थिति बन गई, जब गाजीपुर से आए संघर्ष समिति के सदस्यों बैनर लहरा कर मेरिट के आधार पर फायरमैन की भर्ती की मांग करने लगे। कार्यकर्ताओं को रोकने में भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट भी हुई। इस दौरान संघर्ष समिति कार्यकर्ताओं ने कुर्सियां भी उछाल दीं बाद में पुलिस एक युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। घटना के समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रेल मंत्री पीयूष गोयल और रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा नए स्टेशन के नाम का लोकार्पण और नई ट्रेन को हरी झंडी दिखा रहे थे। घटना से सभा स्थल की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। पंडाल में जाने वालों को पूरी चेकिंग के बाद ही अंदर भेजा गया था पर बैनर लेकर लोगों का वहां पहुंचना बताता है कि इसमें लापरवाही बरती गई है। पुलिस और रेलवे द्वारा इस चूक के लिए जिम्मेदारों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है। समारोह में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के नाम का लोकार्पण के दौरान गाजीपुर से आए संघर्ष समिति के सदस्य बैनर दिखाकर फायरमैन की भर्ती मेरिट से कराने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। यह देखकर पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए वहीं भाजपा कार्यकर्ता सन्न रह गए। नारेबाजी करने वालों को रोकने पर हंगामा शुरू हो गया। कुछ लोग कुर्सियां उछालने लगे।