नौगढ़ । ग्राम्या संस्थान व सहज शिक्षा परियोजना की ओर से सोमवार को पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय अमृतपुर के शिक्षकों व छात्रों ने स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली। रैली पूरे गांव का भ्रमण करने के बाद स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। यहां सभा की गई।
रैली में चल रहे बच्चे शिक्षा के महत्व से संबंधित बैनर व पोस्टर लिए चल रहे थे। इन बैनरों व पोस्टरों पर लड़का- लड़की एक समान, सबको शिक्षा सबको ज्ञान, हर बच्चे का है अधिकार, पूरी शिक्षा पूरा प्यार, आधी रोटी खाएंगे, फिर भी पढ़ने जाएंगे आदि नारे लिखे हुए थे। सभा में वक्ताओं ने कहा, शिक्षा का अधिकार सभी को है। प्रदेश सरकार बच्चों की शिक्षा के प्रति काफी गंभीर है। परिषदीय विद्यालयों में सरकार बच्चों को किताब- कापियों के अलावा जूते, मोजे, स्वेटर, मिड डे मील आदि प्रदान कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की। इस मौके पर ग्राम्या संस्थान के राजेश यादव, मदनमोहन, सरिता, रामसेवक, राजेश कुमार त्रिपाठी, अशोक कुमार, कलावती, शांति, बिंदा, माया, राधिका, मंजू उपस्थित रहे। ब्यूरो