चकरघटृटा थाना क्षेत्र के देवदत्तपुर गांव में वन भूमि के कब्जे को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार को थाने की पुलिस ने दोनों पक्ष के महिलाओं समेत 13 लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष अलखनारायण ने सभी का चालान करते हुए उन्हें उप जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया।
देवदत्तपुर नई बस्ती में रेशम फार्म की जमीन के कब्जे को लेकर हुए विवाद में बृहस्पतिवार को जमकर लाठी- डंडे चले। इसमें 20 से 25 लोग घायल हो गए। पुलिस द्वारा घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में कराया गया। पुलिस ने महिला, पुरुष समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक पक्ष के संतोष, अजय, महेश निवासी देवदत्तपुर तथा दूसरे पक्ष के दिनेश, रेनू देवी, गीता तथा प्रमिला देवी, रीता देवी, मीरा, सुकुमारी सुशीला देवी, पूजा निवासीगण परसहवा शामिल हैं। पुलिस ने सभी का शांतिभंग की आशंका में चालान करते हुए उन्हें उपजिला मजिस्ट्रेट नौगढ़ के समक्ष पेश किया ।