पड़ाव। डोमरी गंगा घाट पर विश्व कल्याणार्थ एवं कोरोना जैसी बीमारी के शमन के लिए आयोजित दस दिवसीय सीताराम नामजप रुद्र महायज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को यज्ञ मंडप में 1008 नर्वदेश्वर शिवलिंग की स्थापना की गई। इसके पूर्व पंचांग पूजन, वेदी पूजन के साथ महर्षि वेद व्यास की पूजा हुई।
मंगलवार की सुबह वेद मंत्रों के बीच विधि विधान से यज्ञ स्थल पर बने मंडल में शिवलिंग की स्थापना की गई। वहीं मां गंगा की पूजा की गई। साहूपुरी स्थित वेदव्यास मंदिर पर पहुंच कर पूजन अर्चना किया गया। इसके बाद भव्य यज्ञ मंडप में बने 100 कुंडों में पंचांग एवं वेदी की पूजा कर यज्ञ मंडप में प्रवेश किया गया। इस अवसर तपोनिष्ठ संत पूज्य आत्मानंद दास महात्यागी (नेपाली बाबा) ने बताया कि बुधवार सुबह अरणिमंथन कर अग्नि का प्राकट्य किया जाएगा और यज्ञ कुंड में आहुतियां डाली जाएंगी।
पड़ाव। डोमरी में चल रहे रुद्र महायज्ञ में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या भक्त नेपाल से आए हैं। पंडित धर्मेंद्र मनीषी ने बताया कि तीन हजार से अधिक भक्त तथा देश विदेश से आये भक्तों के लिए विशाल टेंट सिटी बनायी गई है। उनके लिए चाय, जलपान, प्रसाद के लिए पांच स्थानों पर भंडारे की व्यवस्था की गई है। गायघाट, पंचगंगा घाट व अन्य घाटों से भी भक्तों के लिए यज्ञ स्थल पर आने के लिए नाव-बजड़े की व्यवस्था की गई।