खालसा स्कूल के मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट में बल्लेबाजी करता खिलाड़ी। संवाद
बुलंदशहर। डीएम रोड स्थित खालसा क्रिकेट एकेडमी पर अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को भी जारी रहा। दूसरे दिन युवाईडीएस हापुड़ व फादर्स क्रिकेट एकेडमी सिकंदराबाद के बीच मैच खेला गया। जिसे युवाईडीएस हापुड़ की टीम ने एक विकेट से जीत लिया। वहीं, फादर्स क्रिकेट एकेडमी सिकंदराबाद को लगातार दूसरी बार हार झेलनी पड़ी।
फादर्स क्रिकेट एकेडमी सिकंदराबाद के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। फादर्स एकेडमी की टीम 25 ओवर में 148 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिसमें हिमांशु सैनी ने सर्वाधिक 52 रन, मितांश नागर ने 28 रन, दक्ष और वंश ने 20-20 रनों का योगदान दिया। युवाईडीएस एकेडमी के गेंदबाज मोहम्मद फैजान, लक्ष्य चौधरी व तनवीर ने दो-दो और कार्तिक, हर्षित, आरव व नाजिम ने एक-एक विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी युवाईडीएस एकेडमी की टीम ने नौ विकेट खोकर 149 रन बना मैच जीत लिया। जिसमें कार्तिक गहलोत व आरव ने 39-39 रन, लक्ष्य चौधरी ने 22 रनों को योगदान दिया। फादर्स एकेडमी के गेंदबाज वंश गुप्ता ने चार विकेट, हिमांशु सैनी ने तीन विकेट, अब्दुल रहमान व सारांश एक-एक विकेट लिया।
बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि शहर में दूसरे मैच में युवाईडीएस के कार्तिक गहलोत को मैन ऑफ द मैच व फादर्स के हिमांशु सैनी को फाइटर ऑफ द मैच देकर सम्मानित किया गया।