संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। मोहल्ला तरीनान में सोमवार दोपहर रुपयों के लेनदेन में समीर (22) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमवावर ने गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ आठ से 10 वार किए। इसके बाद चाकू लहराता हुआ भाग निकला। आरोपी मोहल्ले का ही है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
हनीफ ने तहरीर देकर बताया कि उनका भाई समीर प्राइवेट टैक्सी चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। कुछ दिन पहले उसने मोहल्ला निवासी नवाब से तीन हजार रुपये उधार लिए थे। जिसे उसने वापस भी कर दिया था। नवाब उससे तीन हजार रुपये और मांग रहा था। इसी पर विवाद के बाद नवाब ने एक बार समीर की पिटाई भी की थी। दो दिन पहले इसकी तहरीर भी थाने में दी गई थी।
सोमवार दोपहर समीर अपने घर के बाहर गली में खड़ा हुआ था। तभी आरोपी नवाब चाकू लेकर आया और समीर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने समीर की गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिया। समीर लहूलुहान होकर गिर गया। शोरशराबा होने पर लोगों को एकत्र होते देख आरोपी नवाब चाकू लहराता हुआ भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समीर को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी देहात व सीओ भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस की लापरवाही से गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी नवाब ने समीर के गले पर करीब आठ से दस बार वार किए। उसकी गर्दन का अगला भाग पूरी तरह से कट गया था। पेट पर भी गहरे वार किए थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने दो दिन पहले नवाब के खिलाफ तहरीर दी थी। तब पुलिस ने कार्रवाई की होती तो समीर जिंदा होता। पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराने में जुटी हुई थी।
एसएसपी ने कहा कि तहरीर के आधार पर आरोपी नवाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में अगर किसी ने लापरवाही बरती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।