बारिश से सड़कें लबालब, घरों-दुकानों में घुसा पानी
बुलंदशहर। रविवार को हुई झमाझम बारिश से शहर की सड़कें व कुछ कॉलोनियां पानी से लबालब हो गईं। सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। बारिश से जहां पालिका के साफ-सफाई के दावों की पोल खुली तो प्रमुख चौराहों और अंडरपास में पानी अधिक होने से आवागमन बाधित रहा। कई जगहों पर साइलेंसर में पानी भरने से कार, बाइक, स्कूटर पानी के बीच में रुक गए।
बारिश से शहर के प्रमुख चौराहे कलक्ट्रेट गेट, जिला महिला अस्पताल गेट, कालाआम चौराहा, डीएम रोड, पुलिस लाइन, दिल्ली रोड, देवीपुरा, गांधी चौक, लाल तालाब सब्जी मंडी, मोती बाग, स्याना बस अड्डा, साठा और टीचर्स कॉलोनी रोड आदि ने तालाबों का रूप ले लिया। वहीं, कई कॉलोनियों में पानी भर गया। कई स्थानों पर दुकानों व मकानों में बारिश का पानी घुस गया। नाले-नालियां चौक होने से सारी गंदगी सड़कों पर आ गई। कालाआम चौराहा, डीएम रोड और शनिदेव मंदिर रोड स्थित अंडरपास में पानी भर गया। बारिश बंद होने के घंटों बाद सड़क से पानी कम हो सका और लोग अपने गंतव्य की ओर जा सके।
नालों की साफ-सफाई कराई जा रही है। बारिश के दौरान कुछ समय तक जलभराव की समस्या बन जाती हैं। बारिश के बाद जलभराव की समस्या कम हो गई।
- मनोज रस्तोगी, पालिका ईओ