नालों की सफाई पर खर्च हुए लाखों, फिर भी डूबा शहर
बुलंदशहर। पालिका सफाई पर प्रतिमाह लाखों रुपये पानी की तरह बहा रही है लेकिन जरा सी बारिश में साफ-सफाई के दावों की पोल खुल जाती है। बुधवार को हुई बारिश में शहर के पॉश इलाकों में भी जलभराव हो गया। पानी की उचित निकासी न होने से कलक्ट्रेट गेट और जिला महिला अस्पताल गेट समेत विभिन्न स्थानों पर जलभराव की समस्या हो गई। इससे लोगों को गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ा।
नगर के अधिकांश नाले और नालियां कूड़ा-करकट से अटे हुए हैं। इसके कारण हल्की बारिश होने पर भी जलभराव हो जाता है। बुधवार सुबह से दोपहर तक हुई लगातार बारिश से अधिकांश सड़कें लबालब हो र्गइं। सड़कों पर कूड़ा-कचड़ा तैरता नजर आया। कलक्ट्रेट गेट, जिला महिला अस्पताल गेट, कालाआम चौराहा, देवीपुरा, गांधी चौक, लाल तालाब सब्जी मंडी, मोती बाग, स्याना बस अड्डा, साठा और टीचर्स कॉलोनी समेत अन्य मार्गों पर जलभराव की समस्या बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसी ही स्थिति रही। मार्गों के साथ ही गलियों में पानी लगने से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
बोले लोग
पालिका प्रति माह लाखों रुपये का बजट साफ-सफाई पर खर्च दिखाती है लेकिन धरातल पर उसका कोई असर नजर नहीं आता। - राकेश
बारिश होने पर शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं होता है। - सोमदत्त
शहर में पालिका के पास बारिश के दौरान जलभराव की समस्या हो जाती है। जब यहां यह हाल है तो अन्य जगहों पर कैसे दुरुस्त होगा। - जुल्फकार
पालिका टैक्स तो पूरा वसूलती है लेकिन उसका लाभ जनता को नहीं मिल पाता। संसाधन होने के बावजूद हालात बद से बदतर हो रहे हैं। - राजू खान
नालों की साफ-सफाई कराई जा चुकी है। अगर कहीं पर नाला चोक हो गया है तो उसे साफ करवा दिया जाएगा। बारिश के दौरान कुछ समय तक जलभराव की समस्या बन जाती है। - मनोज रस्तोगी, पालिका ईओ