बीडीए वलीपुरा घाट को बनाएगा पर्यटन स्थल
बुलंदशहर। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा वलीपुरा घाट को पर्यटन स्थल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। जल्द ही घाट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। सौंदर्यीकरण के तहत घाट पर सेल्फी प्वाइंट, फूड कोर्ट, स्ट्रीट लाइट और नौकायन आदि की सुविधा की जाएगी।
नगर के वलीपुरा स्थित घाट पर पिछले दिनों बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा सौंदर्यीकरण को लेकर काफी कार्य किए जा चुके हैं। इसके बाद से लोगों की चहल-पहल इस ओर बढ़ने लगी है। हाल ही में विकास प्राधिकरण के अफसरों ने एडीएम वित्त एवं राजस्व संग घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाट के सौंदर्यीकरण को लेकर सभी ने अपने-अपने विचार रखे। साथ ही सौंदर्यीकरण को लेकर अन्य विभागों से भी सहयोग लिया जाएगा।
रात में जगमगाएगा घाट, पार्किंग की भी होगी व्यवस्था
वलीपुरा घाट पर अभी तक रात के समय पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ जाता है। अब नई योजना के तहत घाट पर पर्याप्त मात्रा में प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। जिससे रात के समय घाट पर पर्याप्त प्रकाश हो सके। वहीं, पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की जाएगी।
शहर में अभी तक एक भी स्थान पर सेल्फी प्वाइंट नहीं बना हुआ है। ऐसे में बीडीए द्वारा वलीपुरा घाट पर सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। जो युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं, नौकायन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। जिससे पर्यटन स्थल पर लोगों को नौका में सफर करने का मौका मिला सके। इसके अलावा प्रसाधन और फूड कोर्ट की भी व्यवस्था की जाएगी।
वलीपुरा घाट के सौंदर्यीकरण को लेकर निरीक्षण किया जा चुका है। घाट को पर्यटन स्थल बनाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। - निशा अनंत, बीडीए उपाध्यक्ष