हिंदी की परीक्षा में 2163 परीक्षार्थियों ने छोड़ा मैदान
बुलंदशहर। जिले में बृहस्पतिवार को 110 परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहली पाली में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट हिंदी व सैन्य हिंदी की परीक्षा में 2163 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा थी। दोनों पालियों में पहले दिन नकल का कोई मामला सामने नहीं आया।
पहली सुबह 8 बजे से लेकर शाम 11:15 तक चली। इसमें हाईस्कूल हिंदी व प्रारंभिक हिंदी और इंटरमीडिएट सैन्य विज्ञान विषय का पेपर हुआ। दोनों पालियों में 45,440 पंजीकृत थे और 2,163 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया, जबकि 43,252 परीक्षा शामिल उपस्थित रहे। दूसरी पाली दोपहर 2 से लेकर शाम 5:15 तक चली। केंद्रों पर स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचल दल की टीमों ने निरीक्षण किया और परीक्षाएं शांतिपूर्वक चलती मिली। किसी भी परीक्षार्थी को बिना चेकिंग व मास्क के प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा देने के बाद छात्र-छात्रा भी खुश दिखाई दिए। शुक्रवार को इंटरमीडिएट की पहली पाली में संगीत गायन, संगीत वादन और नृत्यकला की परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में हाईस्कूल के संगीत गायन और इंटर के सामान्य आधारिक विषय, कृषि शस्य विज्ञान भाग-1 और भाग-2 की परीक्षा होगी।
दो साल बाद परीक्षा देकर खुश दिखे छात्र
कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्ष से बोर्ड की परीक्षाएं नहीं हुई हैं। दो साल बाद परीक्षा को लेकर छात्र काफी उत्साहित थे और सभी ने पेपर भी आसान बताए। छात्र श्रेयांश और छात्रा कविता ने बताया कि परीक्षा देने के बाद ही छात्र का सही मूल्यांकन होता है। इसलिए परीक्षाएं होना अनिवार्य है।
फूल और मास्क दिए
नरौरा के इरीगेशन केंद्र पर परीक्षा देने के लिए पहुंचे परीक्षार्थियों पर विद्यालय के स्टॉफ ने फूल देकर स्वागत किया गया। जिन परीक्षार्थियों के पास मास्क नहीं थे तो उन्हें मास्क दिया गया और कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए उन्हें कक्षों में बैठाया गया। छात्रों की तलाशी पुरुष शिक्षकों और छात्राओं की महिला शिक्षकों ने ली।
लखनऊ तक हुई निगरानी
परीक्षा पर नजर रखने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां पर सभी परीक्षा केंद्र जुड़े हुए हैं। यहां से सभी केंद्रों पर पैनी नजर रही। इसी तरह लखनऊ से भी परीक्षा केंद्रों पर चल रही परीक्षा का जायजा लिया गया। डीआईओएस ने बताया कि कंट्रोल रूम पर शिकायत करने के लिए 9456651390 और 9368745696 हैं। परीक्षा से संबंधित कोई भी शिकायत इन नंबरों पर दर्ज करवाई जा सकती है।
मेरठ से आए पर्यवेक्षक ने केंद्रों पर देखी व्यवस्था
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए बोर्ड नेे मेरठ उप शिक्षा निदेशक आशुतोष भारद्वाज को जिले का पर्यवेक्षक बनाया है। पहले दिन उन्होंने जिले के परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलम का सिपाही में किस साहित्यकार का जीवन परिचय है...
बुलंदशहर। पहले दिन हाईस्कूल हिंदी आदि विषयों की परीक्षा देने वाले छात्रों ने बताया कि पेपर आसान रहा और अच्छे नंबर आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पेपर में कमल के सिपाही में किस साहित्यकार का जीवन परिचय है...जैसे प्रश्न आए। 70 नंबर के प्रश्नपत्र में लेखक व कवियों का परिचय, श्लोक, रस, अलंकार, संधिविच्छेद और निबंध भी आएं और सभी प्रश्नों का उत्तर दिया है।
बोले छात्र
आसान था पेपर
पिछले साल परीक्षा नहीं हुई थी। इस बार परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला है। पेपर काफी आसान रहा और सभी प्रश्नों के उत्तर दिए। परीक्षा से पहले कुछ डर भी था, लेकिन पेपर देखकर राहत मिली। - रिहान।
लिखने का अभ्यास किया था
पेपर में लिखना जरूरी होता है। लगातार स्कूल नहीं खुलने से आदत नहीं रही थी, लेकिन जब परीक्षा की समय सारिणी जारी हुई तो लिखने का भी अभ्यास तेज कर दिया। इसका नतीजा यह रहा कि अब कोई परेशानी नहीं आई। - नवीन गौतम।
पहली बार दी बोर्ड परीक्षा
परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए जो तैयारी की थी। उसी के आधार पर पेपर आया और सभी प्रश्नों का उत्तर दिया। पहली बार बोर्ड परीक्षा देकर बहुत अच्छा लग रहा है। लग रहा था कि कहीं ऐसा न हो कि बिना परीक्षा दिए ही पास होना पड़े। - पूजा।
नहीं हुई परेशानी
इस बार ऑनलाइन पढ़ाई से ही अधिकतर तैयारी की। पिछले दिनों स्कूल खुलने के बाद शिक्षकों से भी तैयारी में मदद मिली। इसी का नतीजा रहा कि परीक्षा देने के दौरान कोई खास परेशानी नहीं आई। - लक्ष्मी।
परीक्षा के दौरान बेहोश हुई छात्रा
जीडीएवी कन्या इंटर कालेज अनूपशहर में बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में इंटर हिंदी विषय की परीक्षा दे रही छात्रा साजली अचानक मूर्छित हो गयी। प्रधानाचार्या सुषमा वर्मा ने मामले की जानकारी एसडीएम वीके गुप्ता, सीएचसी, डीआईओएस तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी। सीएचसी से डा.हिमेश मित्तल अपनी टीम तथा एसडीएम वीके गुप्ता तुरंत विद्यालय पहुंचे। डा.हिमेश ने छात्रा की आक्सीजन, पल्स आदि को देखा। एसडीएम वीके गुप्ता ने छात्रा साजली को अपनी गाड़ी से सीएचसी भिजवाया जहां उसका उपचार किया जा रहा है। डा.हिमेश मित्तल ने बताया कि छात्रा परीक्षा के दबाव या भूख से चक्कर आकर बेहोश है। बाकी सब सामान्य है।