निर्विरोध एमएलसी बने भाजपा के नरेंद्र भाटी
बुलंदशहर। भाजपा के नरेंद्र भाटी निर्विरोध एमएलसी चुने गए हैं। बृहस्पतिवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें जीत का प्रमाणपत्र दे दिया। इससे पहले नामांकन पत्रों की जांच के बाद रालोद की एमएलसी प्रत्याशी सुनीता शर्मा ने अपना नाम वापस लेते हुए सोमवार शाम को ही भाजपा की सदस्यता ले ली थी।
बुलंदशहर-गौतमबुद्धनगर लोकल बॉडी एमएलसी पद के नामांकन के लिए निर्वाचन आयोग ने निर्देश जारी किए थे। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई थी। जिले में दो निर्दलीय समेत कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्दलीय दानवीर लोधी और जगमाल मावई का नामांकन खारिज कर दिया गया था, जबकि गठबंधन प्रत्याशी सुनीता शर्मा ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद से ही भाजपा के नरेंद्र भाटी का निर्विरोध एमएलसी बनना तय माना जा रहा था। बृहस्पतिवार को नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद डीएम सीपी सिंह, एडीएम प्रशासन डा. प्रशांत कुमार ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. अंतुल तेवतिया, संजय गुर्जर मौजूद रहे।