बकाया भुगतान और क्षेत्र को दूसरे मिल से जोड़ने की मांग को लेकर किसानों ने बुधवार को तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपकर मिल प्रबंधन पर किसानों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।
किसानों ने बताया कि गांव मुरादाबाद जनपद हापुड़ स्थित ब्रजनाथ शुगर मिल से जुड़ा है। मिल प्रबंधन ने पिछले सीजन का अभी तक केवल 40 प्रतिशत भुगतान किया है। बकाया राशि का भुगतान के बारे में पूछने पर मिल प्रबंधन उचित जवाब नहीं देता।
भुगतान नहीं होने से किसान अर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने पशुचर और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने का भी आरोप लगाया है।
किसानों ने गांव को बुलंदशहर स्थित साबितगढ शुगर मिल से जोड़ने की मांग की। आरोप है कि ब्रजनाथ शुगर मिल के खिलाफ बोलने वालों को धमकियां मिल रही हैं। किसानों ने आशंका व्यक्त की प्रबंधन असमाजिक तत्वों का सहारा लेकर कोई वारदात करा सकता है।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से एसडीएम से बकाया भुगतान कराने, गांव को साबितगढ़ शुगर मिल से जोड़ने, किसानों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मुकेश कुमार, जयवीर सिंह, योगेश कुमार, हरिओम सिंह, हरवीर सिंह, जितेंद्र सिंह, सुंदर आदि मौजूद रहे।
एसडीएम कन्हई सिंह ने बताया कि भुगतान के लिए प्रबंधन से वार्ता की जाएगी। मिल क्षेत्र बदलने के लिए गन्ना अधिकारी से बात की जाएगी। पशुचर, ग्राम समाज की भूमि पर कब्जे के प्रयास की जांच कराई जाएगी।