आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के बैनर तले शनिवार को नगर में शराबबंदी की अलख जगाने को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सभा के पदाधिकारियों के साथ आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राएं और स्टॉफ ने भी भागीदारी की। रैली कलक्ट्रेट पहुंची और यहां डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को शराबबंदी की मांग का ज्ञापन भेजा गया।
सभा के उपप्रधान डॉ. धीरज सिंह ने कहा कि शराब का चलन बढ़ने से समाज में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। शराब पीने से हादसों में इजाफा हो रहा है। इसी क्रम में शनिवार को नगर में जागरूकता रैली निकाली और डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगों का ज्ञापन भेजा गया है।
जागरूकता रैली में आर्य समाज चौक बाजार के प्रधान गणेशदत्त गायेल, मंत्री संतोष कुमार राघव, आर्य समाज खुर्जा के प्रधान घनश्याम दास सक्सेना, आर्य समाज गुलावठी के प्रधान सुनील गोयल, आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. अनीता भारद्वाज सहित अन्य समाज के लोग भी शामिल रहे।
‘प्रदेश में बंद की जाए शराब बिक्री’
गुलावठी। आर्य कन्या इंटर कॉलेज में शनिवार को टीचर्स और स्टूडेंट्स ने प्रदेश में शराब बंदी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शिक्षिकाओं और छात्राओं की मांग थी कि प्रदेश में पूर्णत: शराब बंदी लागू की जाए। इस मौके पर आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के उप मंत्री सुनील कुमार गोयल ने कहा कि शराब के कारण ही अपराधों में वृद्धि हो रही है।
पुरुषों के शराब पीने के कारण अनेक घरों में अशांति और आर्थिक संकट पैदा हो रहा है। इस पर पूर्ण प्रतिबंध जरूरी है। इस मौके पर प्रधानाचार्या दीप्ति सिंह, वंदना कटारिया, बीना कंसल, अनीता बंसल, कुसुमलता, ममता, नीरज वर्मा, डिंपल, सुशीला, अनीता चौधरी, जुगनू आर्य, संजीव आर्य आदि मौजूद रहे।