संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को एक युवक से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया। जिसके बाद उन्होंने बेटी को डांट लगा दी। डांट से नाराज बेटी ने परिजनों को बिना बताए घर से गायब हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि जिस युवक से वह फोन पर बात कर रही थी वही, उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि गत 30 अक्तूबर की रात को वह घर पर ही मौजूद थे। उस दौरान उन्होंने अपनी 14 वर्षीय बेटी को किसी युवक से फोन पर बात करते पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक गैर समुदाय का है और उनकी बेटी को बहला फुसला रहा है। जिस पर आक्रोश में आकर उन्होंने अपनी बेटी का डांट दिया था। डांटने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए। रात करीब डेढ़ बजे उनकी बेटी घर से किसी को कुछ भी बिना बताए गायब हो गई। जब उन्होंने उसकी तलाश की तो पता चला कि उनकी बेटी को फोन पर बात करने वाला आरोपी युवक ही बहला फुसला कर अपने साथ ले गया है। पीड़ित पिता ने अनहोनी की आशंका जता बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है। नगर कोतवाल ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।