खुर्जा जंक्शन / जहांगीरपुर। थाना के पास सिरियाल गांव के पास शनिवार शाम को तेज रफ्तार बस और बोलेरो कार की आमने - सामने टक्कर हो गई। इसमें एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई और चार युवक घायल हो गए।
जहांगीरपुर कस्बा क्षेत्र के कुम्हारान मोहल्ला निवासी हृदेश कुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला नितिन (17) पुत्र विनोद मीणा अपने साथी चिंटू, अनुज और शाहपुर गांव निवासी काकू व जुनैद के साथ मोहल्ले में मौजूद था। शाम करीब पांच बजे पांचों दोस्त बोलेरो कार में एक साथ शाहपुर गांव की ओर जा रहे थे। तभी सिरियाल रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने कार में टक्कर मार दी। इसमें पांचों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी सूचना पर पहुंची। पुलिस घायलों को नजदीकी स्थित निजी अस्पताल ले गई, जहां पर चिकित्सक ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। इसमें काकू जुनैद और चिंटू को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अनुज का जहांगीरपुर में ही उपचार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया था। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्य की जाएगी।
- छह माह पहले पिता की हो गई थी मौत
जहांगीरपुर कस्बा क्षेत्र के कुम्हारान मोहल्ला निवासी हृदेश कुमार ने बताया कि छह माह पहले नितिन के पिता विनोद मीणा की हृदय घात से मौत हो गई थी। अब नितिन की मौत के बाद घर वाले पूरी तरह से टूट गए। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।