बुलंदशहर। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को देखने के लिए शासन के आदेश पर ब्लॉक स्तर पर टीमें बनेंगी। सप्ताह में चार दिन स्कूलों में टीमें औचक निरीक्षण करेंगी। ऐसे में स्कूलों में शिक्षकों के बिना बताए अवकाश पर रहने और समय से न आने की शिकायतों पर अंकुश लग सकेगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक पर एक-एक टीम बनाई जाएगी। निरीक्षण के लिए बीईओ को दूसरे ब्लॉकों में भेजा जाएगा। यह टीमें स्कूल पहुंचकर यह देखेंगी कि शिक्षक कितने बजे आए हैं और रजिस्टर में हस्ताक्षर किए हैं या नहीं। इसके अलावा छात्रों की उपस्थिति भी देखी जाएगी।
बताया कि निरीक्षण के साथ-साथ स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता को भी देखा जाएगा। यदि निरीक्षण के समय कोई शिक्षक अनुपस्थित मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। ब्लॉकों पर टीमों का गठन कर स्कूलों में जल्द ही निरीक्षण शुरू करा दिया जाएगा।