मुस्लिम इंटर कॉलेज से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा देकर लौटते छात्र-छा
बुलंदशहर। जिले में रविवार को छह केंद्रों पर राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन हुआ। पंजीकृत आठवीं कक्षा के 4141 के सापेक्ष 2935 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले दिखे। बताया कि पेपर आसान रहा।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा सुबह 10 बजे से शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज, गांधी बाल निकेतन इंटर कॉलेज और जेपी जनता इंटर कॉलेज में हुई। परीक्षा दोपहर एक बजे तक चली।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा में किसी भी छात्र को बिना चेकिंग और प्रवेशपत्र के प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा में पास होने वाले छात्र-छात्राओं को योजना के तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति दी जाएगी। छात्रा रश्मि व कामिनी ने बताया कि अधिकतर प्रश्न आसान रहे। सभी प्रश्नों का सही उत्तर दिया है।
छात्रा सोनिया और कपिल ने बताया कि यदि किसी ने मेहनत कर अच्छी तरह से तैयारी की होगी तो सफलता जरूर मिलेगी। परीक्षा में रतौंधी नामक रोग विटामिन की कमी से होता है, खाने वाला सोड़ा का अणुसूत्र है, जैनियों के प्रथम तीर्थकर कौन थे, महावीर स्वामी किस धर्म से संबंधित थे, सर्वप्रथम हड़प्पा सभ्यता की खोज किस वर्ष में की गई थी, आर्यों के जीवन को कितनी अवस्थाओं में बांटा था, सरीखे प्रश्न शामिल रहे।
इसके अलावा सामान्य ज्ञान समेत अन्य विषयों से संबंधित पेपर में कुल 180 प्रश्न शामिल रहे।