शेरवानी पहन फूल बंगले में विराजेंगे कान्हा जी
बुलंदशहर। जन्माष्टमी नजदीक आते ही बाजार सज गए हैं। प्रत्येक वर्ष कान्हा जी सुंदर बांसुरी, मुकुट आदि शृंगार के साथ झूले पर विराजते हैं लेकिन इस बार लड्डू गोपाल की मूर्तियों को सजाकर स्टाइलिश तरीके से बाजार में पेश किया जा रहा है। बाजार में इस बार कान्हा जी के लिए डिजाइनर चश्मा, नाइट सूट, परफ्यूम, डबल बेड, शेरवानी, चारपाई, छतरी और चंदन का स्पेशल फेशियल भी उपलब्ध है। कान्हा जी का शृंगार खरीदने के लिए बाजार में भीड़ उमड़ रही है।
30 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। त्योहार की तैयारियों के लिए बाजार सज चुका है। बाजार में लड्डू गोपाल को सजाने के लिए सुंदर-सुंदर जरी, मोती वर्क, सितारा, मोरपंख, फूल बंगला गोटा-पट्टी की डिजाइनर कटिंग पोशाकें हर रंग और डिजाइन में उपलब्ध हैं। बाजार में कान्हा जी के शृंगार के सामान के साथ पोशाकें और पगड़ी के साथ मोरपंख मुकुट भी खूब पसंद किया जा रहा है। बाजार में आकर्षक बांसुरी और हैप्पी बर्थडे वाली एलईडी लाइट भी उपलबध है। अंसारी रोड बाजार, अस्पताल रोड, काली नदी रोड, चौक बाजार, बूरा बाजार में जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर दुकानें सज गई हैं।
सामान का नाम सामान का रेट
बांसुरी 10 से 100 रुपये तक
लड्डू गोपाल 100 से लेकर 2000 रुपये तक
पोशाक 10 से लेकर 2000 रुपये तक
पगड़ी 10 से लेकर 200 रुपये तक
मोरपंख 5 से 20 रुपये तक
मुकुट 40 से 200 रुपये तक
फूल बंगला 150 से 1000 रुपये तक
गोटा पट्टी 10 से 100 रुपये तक
झूला 100 से 2000 रुपये तक
चश्मा 100 से 200 रुपये तक
छतरी 150 से 300 रुपये तक
नाइट सूट 40 से 200 रुपये तक
शेरवानी 100 से 500 रुपये तक
बोले दुकानदार
लड्डू गोपाल को सजाने के लिए मुरली, मोर मुकुट, पगड़ी और जेवरात उपलब्ध हैं। कान्हा जी के लिए इस बार डिजाइनर कटिंग पोशाकें हैं। आकर्षक बांसुरी और हैप्पी बर्थडे वाली एलईडी लाइट भी है। हर कोई अपनी पसंद के अनुसार शृंगार का सामान खरीद रहा है। - रवि शर्मा।
लड्डू गोपाल के लिए मुकुट की जगह पगड़ी ज्यादा पसंद की जा रही है। चश्मा, डबलबेड, छतरी, पंखा, नाइट सूट और शेरवानी संग फूल बंगला की भी मांग है। जन्माष्टमी नजदीक आते ही ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी है। - विशाल गर्ग।