सिकंदराबाद। गांव निवासी युवक ने बुधवार की सुबह शोरूम में घुसकर मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। हाथ में गोली लगने से शोरूम संचालक का भाई घायल हो गया।
पुलिस ने घटना स्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। एक आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कार खड़ी करने को लेकर मंगलवार देर शाम दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रामलालगढ़ी निवासी सिद्धार्थ ने बताया कि गांव के बाहर गुलावठी रोड पर विराट साड़ी संसार के नाम से उनका कपड़े का शोरूम है। मंगलवार की शाम गुलावठी फ्लाईओवर के पास स्थित एक होटल के बाहर कार खड़ी करने को लेकर उनके छोटे भाई सम्राट और प्रशांत की गांव मंडावरा, गांव समाधिपुर निवासी दो युवकों से मारपीट हो गई थी। जिसमें उनके भाइयों को गंभीर चोट आई थी।
इसी रंजिश में दोनों युवक बुधवार की सुबह करीब 10.30 बजे सात-आठ अज्ञात लोगों के साथ लाठी, डंडें, अवैध हथियार लेकर शोरूम में घुस आए और गालीगलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने लगे। आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। विरोध करने पर सभी ने हमला बोल दिया।
उस समय शोरूम में वह उनका छोटा भाई सम्राट, प्रशांत, माता, पिता कुंवरपाल, बहन लक्ष्मी, उनकी पत्नी ममता, सम्राट की पत्नी मनीषा, दो महिला सेल्समैन मौजूद थे। आरोपियों ने मारपीट करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह इधर-उधर दौड़ने लगे।
एक गोली उनके छोटे भाई प्रशांत (16वर्ष) के हाथ में लगने से वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज पर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। गोली लगने से पूर्व घायल प्रशांत ने घटना की वीडियो भी बनाई है। कुंवरपाल ने दो नामजद आरोपियों समेत अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि रंजिश में आरोपी पक्ष के लोगों ने सम्राट पक्ष के लोगों पर फायरिंग की। हाथ में गोली लगने से प्रशांत घायल हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से जांच कर रही है।