ऊंचागांव/अहार। क्षेत्र के गांव मौहम्मदुपर बांगर से रविवार को हरिद्वार से दर्जनों शिवभक्त कांवड़ लेने के लिए कैंटर गाड़ी से गए थे। हरिद्वार के समीप शिवभक्त की गाड़ी में संदिग्ध परिस्थति में मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थाना अहार क्षेत्र के गांव मौहम्मदपुर बांगर निवासी भूपेंद्र लोधी रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के करीब 64 शिवभक्तों के साथ कैंटर गाड़ी से गए थे। रविवार रात करीब एक बजे चण्डी देवी मंदिर के समीप शिवभक्तों ने शौच करने के लिए कैंटर को रूकवाया था। सभी भक्त शौच करके लौट आए लेकिन भूपेंद्र कहीं दिखाई नहीं दिए। उनकी तलाश की गई तो वह गाड़ी में बेहोश पडे मिले। उनको पास के ही एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां, चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना उनके परिजनों को दी गई। भूपेन्द्र के शव को सोमवार की सुबह गांव लाया गया। शिवभक्त की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है। मां अवंतिका ने गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया। उनकी पत्नी की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। उनकी चार बेटियां और एक बेटा है।