दूसरे दिन स्कूलों में बढ़ी रौनक, पहुंचे 40 फीसदी छात्र
बुलंदशहर। जिले में कक्षा एक से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। पांचवीं तक की कक्षाओं में दूसरे दिन छात्रों की उपस्थित बढ़कर 40 फीसदी हो गई। निजी स्कूलों में दूसरे दिन भी व्यवस्था ठीक दिखी लेकिन अधिकतर सरकारी स्कूलों में कोविड के बचाव के लिए जारी किए गए आदेश का पालन नहीं किया गया। बृहस्पतिवार को भी सरकारी स्कूलों में न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया और न ही बच्चे मास्क लगाए मिले।
जिले के 1752 प्राथमिक, 106 सीबीएसई और 1200 से अधिक प्राइवेट स्कूलाें कक्षा पांचवीं तक के स्कूलों में कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया था। इससे पहले सरकारी स्कूलों के 50 फीसदी और निजी स्कूलों के 60 फीसदी से अधिक अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए सहमति पत्र दे दिए थे। पहले दिन झमाझम बारिश के चलते करीब 20 फीसदी ही बच्चे स्कूल पहुंच सके थे, जबकि अधिकतर बच्चे तैयार होने के बाद भी स्कूल नहीं पहुंच सके थे। स्कूल खुलने के पहले ही दिन निजी स्कूलों को छोड़कर सरकारी स्कूलों में बच्चों को कोरोना से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की पोल खुल गई थी। दूसरे दिन कक्षाओं में बच्चों की संख्या बढ़कर 40 फीसदी हो गई। निजी स्कूलों में सैनिटाइजर आदि के प्रबंध रहे और बच्चे मास्क लगाकर कक्षाओं में बैठे मिले। जबकि अधिकतर सरकारी स्कूलों में कोविड गाइड लाइन को लेकर कोई सजगता नहीं दिखी। नगर क्षेत्र के सिविल लाइन, मामन चौकी चुंगी, डिप्टी गंज, ऊपर कोट और डायट परिसर स्थित संचालित प्राथमिक विद्यालयों में अधिकतर बच्चे बिना मास्क के कक्षाआें में बैठे मिले। शिक्षकों ने बताया कि विभाग की ओर से अभी तक थर्मल स्कैनिंग मशीन, मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध नहीं करवाया है। इसके चलते यह समस्या आ रही है। इसकी विभागीय अधिकारियों से मांग की गई है। बच्चों के अभिभावकों से बच्चों को मास्क लगाकर ही स्कूल भेजने के लिए कहा जा रहा है, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।
विभाग के स्कूलों में थर्मल स्कैनिंग मशीन, सैनिटाइजर और मास्क खोलने के लिए कोई अलग से बजट जारी नहीं किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में यह सभी ग्राम पंचायतों को उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है। जबकि नगर क्षेत्र के स्कूलों में यह सामान किस तरह उपलब्ध करवाया जाए, इससे संबंधित कोई निर्देश नहीं मिला है। बच्चों की सुरक्षा के लिए शिक्षकों को ही मास्क और सैनेटाइज उपलब्ध करवाने के लिए कहा जाएगा। - अखंड प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी।
शिक्षक-कर्मचारियों को टीका लगवाने का आदेश
बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया संयुक्त शिक्षा निदेशक बेसिक गणेश कुमार ने आदेश जारी किया है कि सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों का शतप्रतिशत वैक्सीनेशन करवाया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए हैं कि शिक्षक-कर्मचारियों के वैक्सीनेशन की जानकारी भी शिक्षा निदेशालय बेसिक को उपलब्ध करवाया जाए।