बुलंदशहर। शहर में 586 करोड़ की लागत से बनी सीवर लाइन चोक पड़ी है। ज्यादातर मैनहोल में मिट्टी भरी हुई है। सीवर का पानी वापस घरों में ही पहुंच रहा है।परेशान लोग अब सीवर लाइन से अपना कनेक्शन हटवाकर नाली में ही गंदा पानी बहा रहे हैं। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद राहत की बजाय उन्हें आफत दी गई है।
शहर में सीवर लाइन बिछाने के साथ ही एक एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और सात स्थानों पर आईपीएस (इंटीग्रेटेड पंपिंग स्टेशन) का निर्माण कराया गया था। हैंडओवर की प्रक्रिया को भी पूरे हुए तीन माह से अधिक बीत चुके हैं। अब तक सीवर लाइन का संचालन नहीं हो पा रहा है। सीवर लाइन के अधिकतर मैनहोल और चैंबर में मिट्टी भरी पड़ी है। लाइन चोक होने से लोगों के घरों में गंदा पानी वापस पहुंच रहा है। लोग बदबू से परेशान हैं। इस समस्या पर न तो नगर पालिका और न ही प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान है।
सीन एक
मिट्टी से जाम हैं मैनहोल
नगर के मोहल्ला शास्त्री नगर में सीवर लाइन के मैनहोल में मिट्टी भरी पड़ी है। सीवर लाइन जाम होने से घर का पानी नहीं निकल पा रहा था। इससे अधिकतर लोगों ने अपना सीवर कनेक्शन हटाकर नाली में पानी बहा रहे हैं।
सीन दो
सड़क निर्माण में दबा दिए कई मैनहोल
नगर पालिका के वार्ड 19 की शास्त्री नगर काॅलोनी के मुख्य मार्ग में सड़क निर्माण के दौरान कई मैनहोल दबा दिए गए। कुछ में मिट्टी भरने से पूरी तरह से बंद हो गए हैं। मैनहोल जाम होने से जमा हो हरा सीवर का पानी बदबू का कारण बन रहा है।
घर के बाहर बैठना भी मुश्किल
बारिश के मौसम में सीवर लाइन के चैंबर ओवरफ्लो हो जाते हैं। सीवर का पानी भरने से बदबू आती रहती है। घर के बाहर बैठना भी मुश्किल होता है। यहां कभी भी बीमारियां फैल सकती हैं। - तोषिका शर्मा, निवासी चांदपुर रोड
सीवर लाइन बिछाने के दौरान मानकों के मुताबिक काम नहीं हुआ। सीवर लाइन पूरी तरह से चोक पड़ी है। लोग परेशान हैं लेकिन अधिकारियों को इसकी कोई फिक्र नहीं है। -सुनील शर्मा उर्फ टीटू, निवासी आदर्श नगर
सीवर लाइन के संचालन में आ रही परेशानी पर नगर पालिका के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। - डा. प्रशांत कुमार, एडीएम प्रशासन