अगौता थाना पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद बरामद डकैत की बाइक।
बुलंदशहर। निर्माणाधीन बुलंद बायो गैस प्लांट में डकैती की घटना में वांछित बदमाश नन्हें उर्फ नियाज को अगौता थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस और आरोपी बदमाश के बीच गांव किसौली मोड़ के निकट मुठभेड़ हुई। इसमें आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध असलाह व एक बाइक बरामद की है।
थाना अगौता पुलिस की टीम शनिवार देर रात किसौली मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। तभी असावर रोड पर गुलावठी की तरफ से बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया रुकने का इशारा किया तो पुलिस टीम को देखकर वह तेज गति से बाइक को मोड़कर गांव किसौली की तरफ भागने लगा। तभी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, इसको घायलावस्था में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार घायल बदमाश की शिनाख्त नन्हें उर्फ नियाज मोहम्मद निवासी गांव खिवाई थाना सरूरपुर जनपद मेरठ के रूप में हुई। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बदमाश शातिर किस्म का लुटेरा-डकैत है। आरोपी ने गत चार मार्च की रात में थाना अगौता क्षेत्र में निर्माणाधीन बुलंद बायो गैस प्लांट में अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की घटना की थी। पुलिस उसकी तलाश में लगातार खाक छान रही थी। वहीं, अब आरोपी का उपचार कराने के बाद उसका चालान कर जेल भेज दिया गया है।