बुलंदशहर। बोर्ड बैठक में एक बार फिर सभासदों ने सीवर लाइन के प्रस्ताव पर चर्चा करने से इन्कार कर दिया। इसके अलावा बैठक में रखे गए 40 अन्य प्रस्तावों पर सभासदों ने सुझाव दर्ज कराते हुए पास कर दिया। अब शहर में 173 स्थानों पर सड़क, नाली, निर्माण के साथ एक हजार एलईडी लाइटों की खरीद को भी मंजूरी मिल चुकी है।
बुधवार शाम नगर पालिका सभागार में अध्यक्ष दीप्ति मित्तल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 136 करोड़ रुपये के बजट को सभासदों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। नई मंडी में संचालित कान्हा गोशाला में संरक्षित 175 गोवंशों के चारे, भूसे के लिए 37 लाख रुपये के प्रस्ताव पर सभासद अजय कुमार ने दान में आने वाले चारे, भूसे व अन्य खाद्यान्न का ब्योरा मांगा और भूसे की खरीद कुटेशन के आधार पर कराने की मांग की। जबकि सभासद सुखदेव शर्मा ने सुपर सीट के दौरान किए गए आठ लाख रुपये बकाया भुगतान के बारे में जानकारी मांगी। तेजेंद्र सिंह ने गोशाला में गायों के गोबर से उत्पाद बनाने की मांग की ताकि गोवंशों के संरक्षण के लिए धनराशि का प्रबंधन हो सके। 90 वाट की 500 एलईडी खरीदने के लिए 57.64 लाख रुपये के प्रस्ताव पर सभासदों ने आपत्ति जताई और कहा कि प्रत्येक लाइट पर 11529 रुपये का खर्च किया जाएगा, जो कि बाजार भाव से काफी अधिक है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि शासन के नियम के अनुसार जो भी फर्म कम दर पर सहमत होगी, उससे खरीद की जाएगी।
एमआरएफ सेंटर के संचालन पर सभासद भड़के
नगर में बनाए गए छह एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटरों के बिजली कनेक्शन के लिए 30 लाख रुपये के प्रस्ताव पर सभासद भड़क गए। आरोप लगाया कि नगर पालिका के रिफ्यूज कॉम्पैक्टर से कूड़ा बीनकर बेचा जा रहा है तो एमआरएफ सेंटर का क्या फायदा। सभासद तेजेंद्र सिंह ने भईपुरा गांव में कूड़ा निस्तारण प्लांट के संचालित न होने पर आपत्ति जताई और अधिकारियों से जवाब मांगा। इस पर ईओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्लांट को संचालित कर दिया जाएगा।
जलकल के लिए 15 लाख रुपये के डीजल पर जताई आपत्ति
बोर्ड बैठक के दौरान नगर पालिका के जलकल विभाग के लिए प्रति वर्ष 15 लाख रुपये के डीजल खपत पर सभासदों ने आपत्ति जताई। सभासद सुनील शर्मा, योगेश गुप्ता, शरद साई ने कहा कि जब जनरेटर का संचालन ही नहीं होता है तो डीजल कहां खर्च हो रहा है। सभासदों ने अधिकारियों से ट्यूबवेल पर लगे जनरेटर की स्थिति की जानकारी मांगी और आरोप लगाया कि समय पर जनरेटर का संचालन नहीं कराया जाता है।
सीवर लाइन के प्रस्तावों पर चर्चा से इनकार, अध्यक्ष रहीं चुप
नगर में सीवर लाइन के संचालन के लिए एसटीपी और आइपीएस (इंटीग्रेटेड पंपिंग स्टेशन) के संचालन पर खर्च होने वाली चार करोड़ रुपये प्रति वर्ष की धनराशि के प्रस्तावों पर सभासदों ने चर्चा से इनकार कर दिया। सभासदों ने सीवर लाइन की खामियों को लेकर आपत्ति जताई, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष ने बैठक के दौरान न तो सभासदों के किसी सवाल का जवाब दिया और न ही सीवर की खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया।
इन महत्वपूर्ण कामों को मिली स्वीकृति
- 1.42 करोड़ की लागत से विभिन्न वार्डों में पेयजल लाइन बिछाना
- मोहल्ला टांडा में 39.75 लाख से सड़क और नाली निर्माण
- आवास विकास द्वितीय में 22 लाख से सड़क निर्माण
- वार्ड 32 में 22.32 लाख से सड़क निर्माण
- 97.35 लाख से एक हजार एलईडी लाइटों की खरीद
बोर्ड बैठक में कुल 40 प्रस्ताव पास हुए हैं, सीवर लाइन के प्रस्तावों को अगली बैठक में रखने के लिए सभासदों ने सहमति दी है। बैठक में पास हुए प्रस्तावों पर शीघ्र ही काम शुरू कराया जाएगा। - डाॅ. अश्विनी कुमार सिंह, ईओ, नगर पालिका