संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। निजी कंपनियों के माध्यम से अब बिजली उपभोक्ता अपना बिल जमा कर सकेंगे। इसके लिए कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं के घरों पर कर्मचारी भेजे जाएंगे, साथ ही बिजलीघर और विभाग के कैश काउंटर से दूर निजी कंपनियों के कैश काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता अपना बिल जमा कर सकें।
जिले में बिजली निगम के करीब साढ़े पांच लाख उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं में से करीब तीन लाख उपभोक्ताओं द्वार ही समय पर अपना बिल जमा किया जाता है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता ऐसे हैं जो कैश काउंटर दूर होने के कारण अपना बिल जमा नहीं कर पाते हैं, ऐसे में अब शासन ने जिले में चार निजी कंपनियों के साथ बिल जमा करने के लिए अनुबंध किया है। नई दिल्ली की व्याम टेक्नोलॉजी लिमिटेड, कोलकाता की मेसर्स सहज रिटेल लिमिटेड, लखनऊ की मैसर्स राना पे इंडिया लिमिटेड और दिल्ली की मेसर्स बीएलएस इंटरनेशनल सर्विस लिमिटेड को शासन ने जिम्मेदारी दी है। अब इन कंपनियों के कर्मचारी उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर बिल की वसूली के साथ ही उपभोक्ताओं को रसीद भी देंगे। इसके अलावा बिजलीघर और विभाग के कैश काउंटर से दूर स्थित क्षेत्रों में अपने कैश काउंटर भी लगाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए परेशान न होना पड़े। निजी कंपनियों की ओर से अपने कर्मचारियों को वर्दी के साथ आइडी कार्ड भी जारी किया जाएगा। शासन को उम्मीद है कि इस कदम से उपभोक्ताओं से बिल वसूली में विभाग को फायदा होगा और अधिक से अधिक उपभोक्ता आसानी से अपना बिल जमा करा सकेंगे।
ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर सैयद अब्बास रिजवी ने बताया कि शासन ने चार कंपनियों को बिल वसूली की जिम्मेदारी दी है। कंपनियों के अधिकारियों को उनके क्षेत्रों के बारे में अवगत करा दिया गया है। जल्द ही कंपनियों की ओर से बिल वसूली शुरू की जाएगी।