बिजली चोरी रोकने के लिए ट्रांसफार्मरों पर लगेंगे मीटर
बुलंदशहर। बिजली चोरी रोकने के लिए अब बिजली निगम द्वारा प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर मीटर लगाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पीवीवीएनएल के 10 फीडरों पर टेस्टिंग की जा रही है। जिले के बुगरासी फीडर पर लगे ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाकर जांच की जा रही है। सफलता मिलने पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
दरअसल बिजली चोरी रोकने के लिए बिजली निगम के अधिकारी भले ही कितने दावे करें, लेकिन लोग बिजली चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। विभाग को नुकसान से बचाने और बिजली चोरी रोकने के लिए अब ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाए जा रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुल 10 फीडरों पर मीटर लगाए जा रहे हैं, इनमें से जिले के बुगरासी फीडर को चुना गया है। बताया जा रहा है कि फीडर पर कुल 15 ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं जिन पर मीटर लगाए जा रहे हैं। चेयरमैन के निर्देश पर की जा रही कार्रवाई के दौरान ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ताओं की प्रतिमाह बिजली खपत और ट्रांसफार्मर के मीटर में अंकित रीडिंग का मिलान किया जाएगा। इसके बाद यदि अंतर पाया जाता है तो संबंधित घरों की जांच की जाएगी। जिससे बिजली चोरी रोकने में सफलता मिलेगी।
पहले चलाया गया था प्रोजेक्ट, नहीं हुआ सफल
पूर्व में भी ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाने की शुरुआत की गई थी। कुछ ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाए गए थे, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। उक्त मीटरों के अब कनेक्शन भी काटे जा चुके हैं, साथ ही उनसे अभी तक कोई रीडिंग नहीं ली गई है, जिसके चलते बिजली चोरी रोकने में सफलता नहीं मिली है।
ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाने के पायलट प्रोजेक्ट में बुगरासी फीडर का चयन किया गया है। मीटर लगाकर समीक्षा की जा रही है। प्रोजेक्ट सफल रहने पर विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में योजना को चलाया जाएगा।
- अवधेश कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर, बिजली निगम