तीन बिजलीघर बंद, बिजली-पानी के लिए हाहाकार
बुलंदशहर। शहर के एक लाख से अधिक लोगों को शनिवार को बिजली संकट से जूझना पड़ा। हालात यह रहे कि शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे गुल हुई बिजली शनिवार शाम तक भी चालू नहीं हो पाई। जिसके चलते अंसारी रोड बिजलीघर से वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए दो-दो घंटे विभिन्न क्षेत्रों को बिजली सप्लाई दी गई। लगातार दो दिन से बिजली संकट झेल रहे लोगों को पेयजल भी समय पर नहीं मिल पा रहा है।
शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे आंधी-बारिश के कारण शहर की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। बारिश बंद होने के बाद सप्लाई चालू करने का प्रयास किया तो हाइडिल कालोनी स्थित बिजलीघर पर 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। जिसके चलते शुक्रवार को दिन रात के साथ शनिवार को दिन भर बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आई। शुक्रवार रात को अधिकारियों ने अंसारी रोड बिजलीघर से सप्लाई जोड़कर हाईडिल कालोनी बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में दो-दो घंटे रोस्टर बनाकर बिजली सप्लाई दी। अंसारी रोड बिजलीघर से जुड़े खुर्जा अड्डा, अस्पताल रोड, डीएम रोड, चांदपुर रोड, लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार और हाईडिल कॉलोनी बिजलीघर से जुड़े साठा, डीएवी तिराहा, राधा नगर, हाइडिल कालोनी, शास्त्री नगर, राम विहार, मोहनकुटी, आदर्श नगर क्षेत्र के एक लाख से अधिक लोग रात भर परेशान रहे। लोगों को उम्मीद थी कि दिन में बिजली व्यवस्था सुधर जाएगी, लेकिन रात में बारिश होने के चलते ट्रांसफार्मर को ठीक करने के लिए कार्य नहीं किया जा सका। जिसके चलते शनिवार को दिन में ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए अफसरों ने 33 केवीए लाइन पर शटडाउन लिया तो अनूपशहर अड्डा बिजलीघर की सप्लाई भी बंद हो गई। इसके बाद स्याना रोड, आवास विकास द्वितीय, 40 फुटा, कांशीराम कालोनी समेत अन्य क्षेत्र के एक लाख से अधिक लोगों को दिन भर बिजली कटौती से जूझना पड़ा।
20 से अधिक कॉलोनियों में पानी की किल्लत
शनिवार सुबह के समय भी बिजली सप्लाई की स्थिति पटरी पर न लौटने के कारण राधा नगर, शास्त्री नगर, राम विहार, आदर्श नगर, साठा समेत 20 से अधिक कालोनियों के लोगों को पेयजल के लिए भी तरसना पड़ा। बिजली न होने के कारण नगर पालिका ने भी करीब नौ बजे से सप्लाई चालू की। जिसके चलते सुबह के समय ऑफिस जाने वाले लोगों को अन्यत्र लगे नलों से या अन्य लोगों के घरों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
रविवार को भी रहेगा बिजली संकट
बिजली निगम के अफसरों के मुताबिक 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर की मरम्मत की जा रही है। मरम्मत के बाद ट्रांसफार्मर को चालू करके देखा जाएगा, इसके बाद यदि लाइन चालू रही तो रविवार को दिन में बिजली सप्लाई चालू कर दी जाएगी, लेकिन यदि ट्रांसफार्मर चालू नहीं हुआ तो रविवार को दिन के साथ रात में भी बिजली संकट से लोगों को परेशान होना पड़ेगा।
10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। शुक्रवार रात को भी बारिश ने मरम्मत कार्य में बाधा डाली। वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए लोगों को रोस्टर बनाकर बिजली दी जा रही है। जल्द समस्या दूर होने की उम्मीद है। - अभिषेक कुमार, एक्सईएन, बिजली निगम