सिपाही ने दी युवक को फोन पर हत्या की धमकी, निलंबित
चोला। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को थाने पर तैनात सिपाही ने किसी मामले में फोन कर धमकाया। साथ ही उसे गोली मारने की धमकी भी दी। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। साथ ही सीओ सिकंदराबाद को मामले की जांच सौंपी है।
थाना क्षेत्र के गांव नौसाना निवासी मान प्रताप सिंह ने बताया कि वह मेरठ में रहकर कार चालक की नौकरी करता है। रविवार को वह छुट्टी पर घर आता है। बीते दिनों गांव निवासी दो युवकों ने उससे 25 हजार रुपये उधार लिए थे। साथ ही आरोपियों ने एक माह में रुपये लौटाने का वादा किया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी रुपये नहीं लौटाए। जिसको लेकर 18 फरवरी 2022 को उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। 24 अप्रैल को वह घर आया हुआ था। इस दौरान रुपये मांगने पर दोनों ने उसके साथ गालीगलौज की और शिकायत करने पर झूठे केस में फंसवाने की धमकी दी। जिसकी शिकायत उसने थाने में की। 27 अप्रैल की रात में उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को थाने का सिपाही बताया। आरोप है कि उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गोली मारने की धमकी दी। इससे वह काफी डरा हुआ है। उसे अंदेशा है कि आरोपी उसके खिलाफ फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने आरोपी सिपाही मुनेश को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच सीओ को सौंपी है।