डिबाई के गांव दौगवां में जलता सांसद डा. भोला सिंह का पुतला। श्रोत ग्रामीण
बुलंदशहर/डिबाई। डिबाई क्षेत्र के एक गांव में लोगों ने सांसद डाॅ. भोला सिंह का पुतला फूंका। इस दौरान लोगों ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद सांसद क्षेत्र में नहीं आए और अब चुनाव आने वाला है तो फिर क्षेत्र में घूम रहे हैं।
डिबाई क्षेत्र में रामघाट रोड स्थित गांव दौगवां में युवाओं ने रविवार को सांसद डाॅ. भोला सिंह का पुतला फूंका। इस दौरान युवाओं ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी भी की। लोगों ने आरोप लगाया कि सांसद डाॅ. भोला सिंह ने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया है। जिससे जनता में सांसद के प्रति रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि रविवार को गांव दौगवां में सांसद के आने की सूचना ग्रामीणों को मिली थी। ग्रामीण सांसद डाॅ. भोला सिंह का इंतजार कर रहे थे, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी जब सांसद मौके पर नहीं पहुंचे तो युवाओं ने प्राइमरी स्कूल के पास एकत्रित होकर सांसद का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं का कहना है कि चुनाव जीतने के बाद पांच साल तक सांसद न तो क्षेत्र में आए और न ही विकास कार्य कराए हैं। अब दोबारा चुनाव आ रहे हैं तो सांसद फिर से गांवों में आने लगे हैं। मामले में सांसद डाॅ. भोला सिंह ने बताया कि पुतला फूंकने की जानकारी नहीं है। पांच साल जनता के बीच रहकर सर्व समाज के लोगों की समस्या का समाधान कराया है। पूरे जिले में विकास कार्य कराए गए हैं।