अनूपशहर सीएचसी में भी लगेगा ऑक्सीजन प्लांट
बुलंदशहर। जिले में ऑक्सीजन की कमी न रहे इसके लिए अफसरों ने एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाने की योजना बनाई है। अनूपशहर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए विभागीय अफसरों ने जगह चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजा है, जहां से आदेश आते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन संकट का सामना हर किसी मरीज और तीमारदार को करना पड़ा। संभावित तीसरी लहर में इस तरह का संकट दोबारा उत्पन्न न हो इसके लिए शासन के निर्देश पर विभागीय अफसर तैयारियों में जुट गए और ऑक्सीजन के लिए जरूरी अस्पतालों को चिन्हित कर शासन को अवगत करा दिया गया, जहां से शासन द्वारा 10 स्थानों पर 14 ऑक्सीजन प्लांट लगवाने के निर्देश दिए गए। शासन से निर्देश मिलने पर विभागीय अफसर ऑक्सीजन प्लांट का कार्य करवाने में जुटे हुए हैं। वहीं, अब अनूपशहर में भी ऑक्सीजन प्लांट लगवाने के लिए विभागीय अफसरों द्वारा योजना बनाई गई है।
जिला मुख्यालय से 42 किमी दूर है अनूपशहर
अनूपशहर की दूरी जिला मुख्यालय से करीब 42 किमी है। इमरजेंसी पड़ने पर ऑक्सीजन की कमी को तत्काल पूरा करने के लिए विभागीय अफसरों द्वारा योजना बनाई गई है। विभागीय अफसरों के अनुसार, अनूपशहर मार्ग पर 10 से अधिक सरकारी चिकित्सालय हैं। इसमें दो से अधिक सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भी शामिल हैं। वहीं, इस मार्ग पर अभी तक किसी भी सरकारी चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित नहीं है। इसी उद्देश्य से ऑक्सीजन प्लांट को लेकर योजना बनाई गई है।
10 स्थानों पर लगाए जा रहे 14 ऑक्सीजन प्लांट
जिले में अभी तक जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद, 100 बेड चिकित्सालय डिबाई, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुलावठी, अगौता, शिकारपुर व स्याना में एक-एक ऑक्सीजन प्लांट लगना है। इसके अलावा सेठ सूरजमल जटिया चिकित्सालय खुर्जा में दो और सदर तहसील क्षेत्र स्थित वीआइआइटी में चार ऑक्सीजन प्लांट लगने प्रस्तावित हैं। इनमें से अभी तक सदर तहसील क्षेत्र के वीआइआइटी में तीन, जटिया चिकित्सालय खुर्जा में एक और डिबाई व सिकंदराबाद चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट लगकर तैयार हो चुके हैं।
ऑक्सीजन की जरूरत कभी भी मरीज को पड़ जाती है। भविष्य में ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर अनूपशहर सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट लगाने को लेकर योजना बनाई गई। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा चुका है, जो अभी तक लंबित है। उम्मीद है जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति मिल जाएगी।
- डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ