संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। आपके पास वाहन है और आप बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं तो अपनी आदतों में सुधार कर लें। अब तीन बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित और निरस्त कर दिया जाएगा। विभाग अब ऐसे वाहन चालकों का डाटा खंगालने में जुट गया है।
दोपहिया व चार पहिया वाहन चलाने के लिए जहां ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है तो वहीं यातायात नियमों का पालन करना होता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन का संभागीय परिवहन विभाग, पुलिस विभाग और यातायात विभाग कार्रवाई करते रहते हैं। अभी तक लोग अपना चालान कटवा लेते हैं और उसका जुर्माना भरते रहते हैं, लेकिन उनकी आदतों में कोई सुधार नहीं होता। अब ऐसा करना संबंधित को भारी पड़ेगा। एआरटीओ प्रशासन सतीश कुमार ने बताया कि अब तीन बार से अधिक चालान वाले मामले में चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इससे यातायात नियमों का पालन करने में सुधार देखने को मिलेगा। यदि संबंधित ऐसा नहीं करता है तो वाहन का पंजीयन निलंबन व निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
एआरटीओ प्रशासन सतीश कुमार ने बताया कि नए साल 2024 से वाहनों की फिटनेस में काफी बदलाव होने वाले हैं। अभी तक लोगों को वाहन कार्यालय पर लाकर फिटनेस करवानी पड़ रही है। 2024 में वाहनों की ऑनलाइन फिटनेस की सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके बाद ही संबंधित वाहन सड़कों पर संचालित हो सकेंगे। बिना फिटनेस के यदि कोई वाहन संचालित मिलेगा तो वाहन चालक के साथ-साथ वाहन पर भी कार्रवाई होगी।