माजरा कांड : बलवीर के परिजनों ने छोड़ा गांव
खानपुर। थाना क्षेत्र के गांव माजरा में दिलदहलाने वाली वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी बलवीर उर्फ बल्लू के परिजन वारदात के बाद से ही घर नहीं लौटे हैं। एक-दो दिन पुलिस की अभिरक्षा में रहने के बाद वह अपनी रिश्तेदारी में चले गए हैं। घर में बंधे आरोपी के पांच पशुओं को उसके एक रिश्तेदार को सौंप दिया गया है।
खानपुर थाना क्षेत्र के गांव माजरा में गत 21 मार्च की सुबह गांव निवासी बलवीर उर्फ बल्लू ने आठ लोगों पर फावड़े और बलकटी से जानलेवा हमला कर दिया था। जिसमें गांव निवासी किसान नत्थी सिंह, प्रेमपाल सिंह और उसकी पत्नी विमला की मौत हो गई थी। जबकि, अन्य पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए थे। जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने भी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही गांव से उसके परिजनों को ग्रामीणों के गुस्से को भांपते हुए सुरक्षा प्रदान करते हुए थाने ले आई थी। बताया गया कि एक-दो दिन पुलिस ने आरोपी के परिजनों को अपनी सुरक्षा में रखा और पूछताछ की। बाद में उन्हें भेज दिया गया था। पुलिस को यह नहीं पता कि वह कहां गए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट है कि आरोपी के परिजन अपनी किसी रिश्तेदारी में चले गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के परिजन वापस गांव नहीं लौट कर आए हैं। दो दिन तक उसके पशु भी घर के आंगन में बंधे रहे। जिसके बाद बुधवार को पुलिस ने पांचों पशुओं को उसके दूसरे गांव निवासी एक रिश्तेदार को सौंप दिया है। जिससे कि पशुओं को चारा-पानी की किल्लत न हो सके।
प्रेमपाल के सिर पर चार, नत्थी के सिर पर दो निशान
जघन्य हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आया है कि आरोपी बलवीर उर्फ बल्लू ने मृतक प्रेमपाल के सिर पर एक के बाद एक चार गंभीर रूप से वार किए थे। वहीं, नत्थी के सिर पर भी दो गंभीर चोट के निशान आए हैं। मृतका विमला के गले व सिर पर भी हत्या के इरादे से दो वार किए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतकों के गंभीर चोटों के निशान का खुलासा हुआ है। वहीं घटना में घायल पुष्पेंद्र के हाथ में एक व तेजपाल सिंह के गले व सिर में तीन और रवि के सिर में दो चोट के निशान आए हैं। वही गंभीर रूप से घायल नौरंग सिंह की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। ग्राम प्रधान पीतम सिंह ने बताया कि रवि व नौरंग सिंह की हालत स्थिर बनी हुई है। अगले 48 घंटे दोनों के लिए अहम बताए जा रहे हैं।
नहीं स्पष्ट हुआ कारण
आरोपी ने वारदात को आखिर अंजाम क्यों दिया, यह तीन दिन बाद भी सवाल बना हुआ है। पुलिस भी उसे पूछताछ के बाद जेल भेज चुकी है। लेकिन, वारदात का कोई कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
आरोपी के परिजनों को वारदात के बाद सुरक्षा में रखा गया था। जिसके बाद उन्हें पूछताछ के बाद भेज दिया गया। वह कहां गए हैं, इसकी जानकारी नहीं है। हालांकि, यह पता चला है कि वह अपनी किसी रिश्तेदारी में गए हुए हैं। उनके पांच पशुओं को रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी