अब अंसारी रोड पर मॉल बनाएगी जिला पंचायत
बुलंदशहर। जिला पंचायत अब अंसारी रोड स्थित जमीन पर भी मॉल बनाने की तैयारी कर रही है। अंसारी रोड स्थित सेंट्रल बैंक की बिल्डिंग समेत अन्य निर्माण को ध्वस्त कर मॉल निर्माण की तैयारी की जाएगी। इसके लिए अगले सप्ताह में आर्किटैक्ट निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे।
जिला पंचायत ने नगर के कालाआम चौराहे के पास स्थित जमीन पर एक मॉल का निर्माण कराया था। निर्माण में दुकानों के साथ फ्लैट भी बनाए गए थे। अब जिला पंचायत अंसारी रोड बाजार के पास स्थित सेंट्रल बैंक वाली जमीन पर भी मॉल का निर्माण करने की तैयारी कर रही है। करीब एक हजार मीटर वाली जमीन पर इस बार मॉल में केवल कॉमर्शियल स्पेस ही तैयार किया जाएगा। जिपं अधिकारियों की योजना है कि इस बार मॉल में आवासीय फ्लैटों का निर्माण नहीं कराया जाएगा। इससे पहले सरकार ने प्रदेश की सभी जिला पंचायतों की जमीन को निजी कंपनियों को लीज पर देने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत भूड़ क्षेत्र स्थित 2500 वर्ग मीटर जमीन पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है।
अंसारी रोड स्थित सेंट्रल बैंक वाली बिल्डिंग को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है। यहां पर नए स्तर से मॉल बनाने की योजना है। इसके लिए अगले सप्ताह आर्किटैक्ट निरीक्षण करने के लिए आएंगे। - विद्या शंकर पांडेय, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत