बैंककर्मी और ग्राहक को गन प्वाइंट पर लेकर 20 लाख की लूट
बुलंदशहर। स्याना कोतवाली क्षेत्र स्थित उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों को गन प्वाइंट पर लिया और फिर वारदात को अंजाम देकर बैंक का शटर बंद कर भाग निकले। मौके पर एसएसपी समेत अन्य अफसर जांच में जुट गए हैं।
बैंक प्रबंधक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि शाम करीब 4.56 बजे बैंक में पांच कर्मचारी और करीब पांच से सात ग्राहक मौजूद थे। उसी दौरान एक बाइक पर आए तीन बदमाश हाथों में पिस्टल लेकर अंदर घुस आए। तीनों बदमाशों ने नकाब पहना हुआ था। बैंक में घुसते ही बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया और बैंक कर्मचारियों से नकदी निकालने को कहा। इस दौरान बदमाशों ने बैंक कैशियर के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद कैशियर से अपने पास मौजूद करीब 18 से 20 लाख रुपये उन्हें सौंप दिए। इसके बाद बदमाश शोर मचाने पर बैंक में मौजूद लोगों को धमकाते हुए बैंक के बाहर निकले। साथ ही बैंक का शटर बंद कर भाग निकले। सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी समेत थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। साथ ही जनपद की सीमाओं और सभी थाना पुलिस को चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बैंक में लूट की वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। हालांकि, नकाबपोश बदमाशों की शिनाख्त करना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है।
जांच में सामने आया है कि तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। बैंक के खातों से संबंधित डिटेल खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 18-20 लाख रुपये की लूट है, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी