बदमाशों ने परिवार को बनाकर की लूटपाट
बुलंदशहर। यमुनापुरम कालोनी में सोमवार देर रात बदमाशों ने एक मकान में घुसकर परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट को अंजाम दिया। बदमाशों की संख्या चार से पांच बताई जा रही है। पुलिस ने मामला चोरी में दर्ज किया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुनापुरम कालोनी के ए-40 ई में सेवानिवृत्त श्रम कल्याण अधिकारी योगेंद्र सिंह परिवार के साथ रहते हैं। उनका ग्राउंड फ्लोर छह जनवरी से बंद है। प्रथम तल पर तीन किरायेदार रहते हैं। सोमवार देर रात चार से पांच नकाबपोश बदमाश मकान का मुख्य दरवाजा खुला देख दाखिल हो गए। बदमाशों ने किरायेदार किशोर, नरसिम्हा राव निवासीगण औगांल आंध्रप्रदेश और रामबाबू कृष्णानगर आंध्रप्रदेश को तमंचे के बल पर एक कमरे में बंद कर दिया। बेडशीट को फाड़कर तीनों के हाथ बांध दिए और 15 हजार रुपये की नकदी और दो सोने की अंगूठी और मोबाइल लूट लिए।
लूटपाट के बाद एक बदमाश ने तीनों को कवर किया और बंद पड़े ग्राउंड फ्लोर की खिड़की तोड़कर उसमें घुस गए। जहां बदमाशों ने तीन सोने के हार, 22 साड़ी, हजारों की नकदी, एलईडी सहित अन्य सामान साफ कर दिया और फरार हो गए। बताया गया कि मकान मालिक योगेंद्र सिंह और उनकी पत्नी मंजू सिंह छह जनवरी को एयर फोर्स में बेंगलुरु में तैनात पायलट बेटे अंकित राज सिंह के पास गए थे। उन्हें अगले सप्ताह लौटना था लेकिन अब वह बुधवार की देर शाम तक पहुंचेंगे।
मामला चोरी का है, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया ज ाएगा। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी