बुलंदशहर : कासगंज निवासी नवनाथ जाधव उर्फ अन्ना सराफ।
- फोटो : KHURJA
इनकम टैक्स अफसर बन हाईवे पर सराफ के मुनीम से 72 लाख लूटे
खुर्जा। हाईवे पर बदमाशों ने इनकम टैक्स का अफसर बनकर कासगंज के सराफा व्यापारी के मुनीम से 72 लाख रुपये की नकदी लूट ली। वारदात कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में एनएच 91 स्थित अगवाल फ्लाइओवर के निकट सोमवार देरशाम हुई। मुनीम नकदी लेकर आभूषण खरीदने दिल्ली जा रहा था।
कासगंज थाना क्षेत्र के छोटी सब्जी मंडी निवासी ओंकार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कासगंज निवासी नवनाथ जाधव उर्फ अन्ना सराफ के यहां मुनीम है। सोमवार को कार में सवार होकर अपने साथी शिवाजी के साथ कासगंज से सोने-चांदी के आभूषण खरीदने चांदनी चौक दिल्ली जा रहा था। कार में उन्होंने एक बैग में 72 लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। कार को उनका ड्राइवर प्रेमवीर उर्फ राकेश चला रहा था। इसी दौरान कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के अगवाल फ्लाइओवर के निकट एक सफेद रंग की बोलेरो ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
बोलेरो सवार कु छ लोगों ने आकर खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया। साथ ही कार के कागज और पिछली सीट पर शिवाजी के पास रखे बैग के बारे में पूछने लगे और एक युवक ने शिवाजी के पास बैठकर रुपये ले लिए। इसके बाद उनकी कार को आगे चलने के लिए कहा। कुछ ही दूरी चलने के बाद वह अपनी बोलेरो के साथ फुर्र हो गए। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी और धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है। वहीं, कासगंज निवासी नवनाथ जाधव ने फोन पर अमर उजाला से हुई बातचीत में बताया कि उनके मुुनीम और कर्मियों से मारपीट भी हुई है।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गभाना टोल से लेकर अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज आदि की भी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त के बाद गिरफ्तारी कर राजफाश कर दिया जाएगा। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी