बुलंदशहर। नई दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन के विस्तार और ट्रेन की गति 160 से बढ़ाकर 200 किमी प्रति घंटा करने के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जिले के तीन गांवों की 1.15 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करने के लिए विभाग ने नोटिस जारी किया है।
रेलवे विभाग की ओर से नई दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के विस्तार की योजना तैयार की गई है। योजना के तहत नई-दिल्ली से हावड़ा (कानपुर-लखनऊ) सहित मार्ग पर ट्रेनों की गति को 160 से बढ़ाकर 200 किमी प्रति घंटा करने की योजना तैयार की गई। योजना के तहत सब सेक्शनिंग व पैललिंग पोस्ट (एसएसपी) का निर्माण किया जाना है। जिसके चलते विभाग की ओर से सिकंदराबाद के गांव फतहपुर जादौं में 0.18 हेक्टेयर, खुर्जा के गांव नगलाकट में 0.266 हेक्टेयर व गांव डांवर में 0.71 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।
इसके लिए रेलवे विभाग की ओर से जमीन अधिग्रहण का नोटिस जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि एडीएम प्रशासन के माध्यम से जमीन का अधिग्रहण करने के साथ ही जमीन के मालिक किसानों को सुनवाई के लिए भी अवसर दिया जाएगा। एडीएम प्रशासन डाॅ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित आदेश नहीं प्राप्त हुआ है। यदि कोई निर्देश मिलता है तो नियमानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।