बुलंदशहर। दिल्ली पुलिस में तैनात युवक ने पहली शादी छिपाकर देहात कोतवाली की गांव निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली। दहेज में 14 लाख रुपये लिया। बाद में उसने दूसरी पत्नी को छोड़ दिया। अब छह साल बाद परिजनों व पीड़िता को जानकारी हुई कि आरोपी ने उनसे झूठ बोलकर रिश्ता जोड़ा था। देहात पुलिस ने मामले में एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली देहात के गांव निवासी पीड़ित पिता ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि 23 जून 2018 को उन्होंने बेटी की शादी गुलावठी के गांव उस्तरा के अनुपम शर्मा के साथ की थी। शादी में उन्होंने 14 लाख रुपये नकद समेत कुल 22 लाख रुपये खर्च किए थे। पीड़ित के अनुसार उनका दामाद अनुपम शर्मा दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर सेवारत है। उन्हें मालूम चला कि आरोपी दामाद पहले से शादीशुदा है। ऐसे में दामाद और उसके परिजनों ने धोखाधड़ी करते हुए पहली शादी की बात छिपाकर उनकी बेटी से दूसरी शादी कर लाखों रुपये हड़प लिए।
भेद खुलने के डर से शादी के कुछ माह बाद ही बेटी को गांव के पास छोड़कर चले गए। आरोपी दामाद ने 2017 में पहली शादी की थी। मुकदमा दर्ज कराने पर आरोपी अनुपम और उसके परिवार वालों द्वारा हत्या की धमकी दी जा रही है। देहात पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।