खुर्जा। जंक्शन रोड पर बृहस्पतिवार रात निराश्रित पशु से टकराकर बाइक सवार मजदूर सड़क पर जा गिरा। हादसे में मजदूर की माैत हो गई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
खुर्जा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मूलरूप से हापुड़ के गढ़ मुक्तेश्वर निवासी दीपक यादव (40) खुर्जा के टैना गांव में किराये पर रहते थे। वहीं पर एक पॉटरी में मजदूरी करते थे। रात करीब 11 बजे वह बाइक से फैक्टरी से खुर्जा की ओर आ रहे थे।
रास्ते में सामने अचानक निराश्रित पशु आ गया, जिससे उनकी बाइक टकरा गई और वह सड़क पर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दीपक को जटिया अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। मामले में परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।