3.12 लाख से अधिक किसानों को जल्द मिलेगी सम्मान निधि
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र 3.12 लाख से अधिक किसानों को जल्द ही सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। कृषि विभाग ने शासन से मिली सूची का सत्यापन पूरा कर लिया है। इस बार योजना के तहत शामिल किसानों को 10वीं किस्त का भुगतान किया जाएगा।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को साल में छह हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। यह राशि प्रति किसान को तीन बार में दो-दो हजार रुपये के रूप में मिलती है। योजना से जिले के अब तक 3.80 लाख किसान शामिल हो चुके हैं। पिछले दिनों शासन ने कृषि विभाग को सूची भेजकर उसका सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। इस सूची में शामिल किसानों का विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सत्यापन पूरा कर लिया है। उप कृषि निदेशक धनंजय सिंह ने बताया कि शासन की ओर से सत्यापन के लिए मिली सूची में शामिल सभी किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है। इसे शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। उन्हाेंने यह भी बताया कि योजना में अब नए किसान और वंचित किसानों को भी शामिल होने का शासन की ओर से मौका दिया गया है। इसके लिए योजना का लाभ लेने के लिए किसान नजदीकी सीएससी पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। अब योजना मेें यह भी बदलाव किया गया कि एक परिवार से एक ही किसान आवेदन कर सकता है। किसान अपना आवेदन पूरी जांच और पूरे दस्तावेजों के साथ ही करें, ताकि योजना का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।