खादी उपवन में आयोजित खादी उत्सव 2021 में तबला वादन प्रतियोगिता में प्रस्तुति देता कलाकार।
- फोटो : BULANDSHAHR
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ खादी उत्सव
बुलंदशहर। नगर के भूड़ क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास खादी उपवन में मंगलवार से खादी उत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शुरू हो गया। इसका आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव के तहत किया जा रहा है। पहले दिन सांसकृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खादी उत्सव का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक पांडेय ने किया। उन्होंने बताया कि खादी उत्सव 2021 का आयोजन युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में हो रहा है। चार नवंबर तक जारी रहने वाले इस उत्सव के दौरान अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही युवा महोत्सव कार्यक्रम, प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम, जनपद स्तरीय साइंस मॉडल मेकिंग कंप्टीशन और दीपोत्सव का भी आयोजन होगा। यहां पर खादी के कपड़ों आदि की स्टाल भी लगाई गई हैं। जिला युवा कल्याण अधिकारी पीएस गौतम ने बताया कि उत्सव के पहले दिन जिले भर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमाें में भागीदारी कर अपनी प्रतिभा दिखाई। साथ ही विजेता प्रतिभागियों को सीडीओ ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। तबला वादन प्रतियोगिता में कलाकार सुंदर, हारमोनियम में दक्ष सैनी और वंश गोस्वामी और गिटार वादन में दीप्ति को सम्मानित किया गया। इसी तरह गायन प्रतियोगिता में आस्था और छवि ने पहला, दीप्ति ने दूसरा और आयुषी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर पुरस्कार प्राप्त किया।