अनूपशहर। एसडीएम अनूपशहर प्रियंका गोयल ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गंगा घाटों एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने उन्हें बताया कि कार्तिक मेला गंगा स्नान को लेकर पालिका प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बताया कि गंगा स्नान दूसरी धारा पर होगा। जबकि पहली धारा पर अस्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
ब्रजेश गोयल ने बताया कि गंगा घाटों पर पालिका प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग एवं लाइटिंग की पूरी व्यवस्था कराई गई है। स्नान के दौरान किसी भी प्रकार का कोई हादसा ना हो, इसके लिए पालिका प्रशासन ने नाविक एवं गोताखोरों की घाटों पर तैनाती की है। कस्बे में लगने वाले कार्तिक गंगा पूर्णिमा स्नान मेले की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से लगातार मेला स्थल और गंगा घाटाें का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
वहीं नगर पालिका की ओर से भी मेले को सफल बनाने के लिए तैयारियां लगातार की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस बार गंगा दो धारा में बह रही है। गंगा स्नान दूसरी धारा में होगा और पहली धारा पर अस्थायी पुलिया बनाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। एसडीएम प्रियंका गोयल ने बताया कि पूर्व की तरह मेला क्षेत्र पांच किलोमीटर के दायरे में ही लगेगा। सभी कच्चे और पक्के घाटों पर गंगा स्नान की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इस दौरान तहसीलदार अनूपशहर बीवी वर्मा, क्षेत्राधिकार गिरजा शंकर त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी रजनीश कुमार त्यागी और अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।