अंत्येष्टि स्थल पर लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : BULANDSHAHR
प्रदेश में गरीबों की आवाज व सुशासन के प्रणेता थे कल्याण : योगी आदित्यनाथ
नरौरा। प्रदेश में गरीब व दलितों की आवाज और सुशासन के प्रणेता कल्याण सिंह को देश की जनता हमेशा याद रखेगी। हम सभी को साथ मिलकर कल्याण सिंह के सपने को पूरा करना है और प्रदेश में सुशासन कायम करते हुए जनता की सेवा करनी है। उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार के बाद कहीं।
सोमवार दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार नरौरा स्थित बसी गंगा घाट और गांधी घाट के बीच स्थित चिल्ड्रेन पार्क में किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश ने आज राम जन्म भूमि के नायक और प्रदेश में गरीब व दलितों की आवाज के साथ सुशासन के प्रणेता रहे कल्याण सिंह को आज खो दिया। भारत मां के ऐसे महान सपूत को प्रदेशवासियों की ओर से मैं श्रद्धांजलि देता हूं। भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और हमें इतनी सामर्थ्य दें कि उनके संकल्पों को पूरा कर सकें। कल्याण सिंह ने दृढ़ता के साथ मूल्य और आदर्शों के साथ समझौता किए बिना अपनी लोक आस्था और लोक कल्याण के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया। आज हमारे बीच में भौतिक रूप से नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और व्यक्तित्व, प्रदेश के सभी नागरिक और भारतीय राजनीति को प्रेरणा और प्रकाश प्रदान करती रहेगी।